भोपाल

अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने किया बैरसिया क्षेत्र का दौरा

लेखक: Aleem Pathan अंतिम अपडेट: 26 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने किया बैरसिया क्षेत्र का दौरा

धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में हुए शामिल; शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बैरसिया। मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने बुधवार को बैरसिया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता की तथा स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। दौरे की शुरुआत मंडी प्रांगण स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के साथ हुई।

यहां उन्होंने भगवान खाटू श्याम के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने साफा बांधकर और पुष्पमाला पहनाकर बारेलाल अहिरवार का स्वागत किया। इसके बाद वे सरपंच वीर सिंह बघेल के निवास पर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की और क्षेत्र के विकास तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

शोक सभाओं में शामिल होकर परिजनों को दी सांत्वना

दौरे के अगले चरण में आयोग सदस्य ग्राम सरखंडी, रमगढ़ा और खितवास पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न शोक सभाओं में शामिल होकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।

छात्रावास का निरीक्षण, छात्रों से किया संवाद

दौरे के अंतिम चरण में बारेलाल अहिरवार ने मेला ग्राउंड स्थित शासकीय सीनियर बालक छात्रावास, बैरसिया का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में भोजन, साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और छात्रों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे छात्रों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

छात्रावास की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अच्छे कार्य के लिए छात्रावास अधीक्षक यशवंत कुशवाहा की प्रशंसा की।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

आयोग सदस्य ने छात्रावास परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

दौरे के दौरान जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर, पूर्व जिला महामंत्री लक्ष्मी नारायण शिल्पी, सरपंच वीर सिंह बघेल, नर्मदा प्रसाद अहिरवार, अनिल धाकड़, हाकम सिंह गुर्जर, पार्षद राधे पटेल, पार्षद प्रतिनिधि आकाश यादव, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सोनू शर्मा, भगवानदास कुशवाहा सहित छात्रावास अधीक्षक, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

A
Aleem Pathan

अलीम पठान बैरसिया के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।