राज्य

अटल गृह ज्योति योजना में 29.84 लाख उपभोक्ताओं को मिली ₹164.70 करोड़ की सब्सिडी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अटल गृह ज्योति योजना में 29.84 लाख उपभोक्ताओं को मिली ₹164.70 करोड़ की सब्सिडी

इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा राज्य शासन की अटल गृह ज्योति योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। पिछले एक बिल माह में कंपनी क्षेत्र के पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में कुल 164 करोड़ 70 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई। योजना से करीब 29.84 लाख उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।

इंदौर जिले में सबसे अधिक 4.05 लाख उपभोक्ताओं को 18 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिली। धार जिले के 3 लाख उपभोक्ताओं को करीब 16 करोड़, उज्जैन के 2.74 लाख उपभोक्ताओं को 15 करोड़, खरगोन के 2.73 लाख उपभोक्ताओं को 15 करोड़ और रतलाम के 2.24 लाख उपभोक्ताओं को 12 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई।

इसके अलावा मंदसौर में 2.17 लाख, देवास में 2.10 लाख और बड़वानी में 2.03 लाख उपभोक्ता योजना से लाभान्वित हुए। कंपनी क्षेत्र के अन्य जिलों में भी 78 हजार से 1.90 लाख तक पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को योजना के तहत बिल में राहत प्रदान की गई। योजना के तहत औसतन प्रतिदिन 5 यूनिट तक बिजली खपत वाले पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को पहले 100 यूनिट की खपत पर 100 रुपये का बिल दिया जाता है।

इसके बाद शेष 50 यूनिट तक की खपत पर प्रचलित टैरिफ के अनुसार बिल लिया जाता है। यदि 30 दिनों में कुल खपत 150 यूनिट से अधिक हो जाती है यानी औसत दैनिक खपत 5 यूनिट से ज्यादा रहती है, तो संबंधित माह में सब्सिडी की पात्रता समाप्त हो जाती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।