अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत, विधायक अनुराधा राणा ने रखीं क्षेत्र की मांगें
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पहुंचने पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं। इनमें नौतोड़ बहाली, आपदा प्रभावित परिवारों को वन संरक्षण अधिनियम में रियायत या संशोधन के तहत भूमि आवंटन और कोकसर चिनाब डायवर्जन परियोजना पर पुनर्विचार की मांग प्रमुख रही।
लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पहुंचने पर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल के समक्ष नौतोड़ बहाली और आपदा प्रभावित परिवारों को वन संरक्षण अधिनियम में रियायत या संशोधन के तहत भूमि आवंटन के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश करने का आग्रह किया।
विधायक ने लाहौल-स्पीति के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों का हवाला देते हुए कोकसर चिनाब डायवर्जन परियोजना पर भी पुनर्विचार के लिए केंद्र सरकार से सिफारिश करने का अनुरोध किया। अनुराधा राणा के मुताबिक राष्ट्रपति और राज्यपाल ने उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और हरसंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधायक ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक भुवनेश्वर गौड़, बीआरओ के महानिदेशक और उनकी टीम के साथ प्रशासन, पुलिस तथा महिला मंडल की टीम का भी व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।