अटल टनल रोहतांग पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, BRO अधिकारियों से ली टनल की जानकारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय हिमाचल दौरे के दौरान आज सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग पहुंचीं। राष्ट्रपति ने टनल के साउथ और नॉर्थ पोर्टल का दौरा किया और सीमा सड़क संगठन यानी BRO के अधिकारियों से टनल के निर्माण, विशेषताओं और सामरिक महत्व की जानकारी ली। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अटल टनल पहुंचने पर बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रपति को टनल के निर्माण के दौरान सामने आई चुनौतियों और कठिन भौगोलिक एवं मौसम संबंधी परिस्थितियों में बीआरओ के कार्यों से अवगत कराया।
साउथ पोर्टल पर राष्ट्रपति ने अधिकारियों के साथ अटल टनल के सामरिक महत्व और सीमावर्ती क्षेत्रों से संपर्क मजबूत करने में इसकी भूमिका पर चर्चा की। करीब 9 किलोमीटर लंबी यह सुरंग मनाली और लाहौल के बीच हर मौसम में संपर्क बनाए रखने के साथ सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। वहीं, नॉर्थ पोर्टल पर स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा में राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने लाहौल की महिलाओं से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने बर्फ से ढकी रोहतांग की खूबसूरत वादियों का भी आनंद लिया।