अटल टिंकरिंग लैब से निखर रही विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता, बलरामपुर के नवोदय विद्यालय में तैयार हो रहे उपयोगी मॉडल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बलरामपुर। जिले में संचालित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) और मल्टी-फाउंडेशनल स्किल लैब विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को नई दिशा दे रही हैं। इन लैब्स की मदद से छात्र-छात्राएं विज्ञान और तकनीक आधारित कई उपयोगी मॉडल तैयार कर रहे हैं।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने रेन डिटेक्टर, स्मार्ट डस्टबिन, लेजर सिक्योरिटी सिस्टम, वायरलेस पावर ट्रांसफर, टच सेंसर, क्लैप सर्किट, डिजिटल मल्टीमीटर, आर्डुइनो आधारित ऑब्स्टेकल डिटेक्शन सिस्टम और ऑडिटरी रोबोट जैसे प्रोजेक्ट विकसित किए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।
छात्रों का कहना है कि विद्यालय में उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे विषयों की अवधारणाएं आसानी से समझ में आती हैं। अटल टिंकरिंग लैब में विद्यार्थियों ने एक ऑटोमेटिक स्मार्ट डस्टबिन भी तैयार किया है, जिसे हाथ से खोलने या बंद करने की आवश्यकता नहीं होती। यह मॉडल स्वच्छता और सुविधा की दृष्टि से उपयोगी साबित हो सकता है।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने दृष्टिबाधित लोगों के लिए सेंसर युक्त स्मार्ट चश्मा भी विकसित किया है। इस चश्मे में लगा सेंसर सामने किसी वस्तु के आने पर ध्वनि संकेत देता है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सकती है।
अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को नए प्रोजेक्ट बनाने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके कौशल विकास और नवाचार क्षमता में वृद्धि हो रही है। विद्यालय के प्राचार्य राकेश पांडेय ने छात्रों द्वारा तैयार किए गए इन मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
बाइट: छात्रा बाइट: छात्र बाइट: छात्र बाइट: राकेश पांडेय, प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय, बलरामपुर।
बाइट: ट्रेनर