औचक निरीक्षण में 5 स्कूलों की पढ़ाई, भोजन, किताबें जांचीं

त्योंदा/गंजबासौदा| कलेक्टर के निर्देश पर गुरुवार को त्योंदा तहसील के तहसीलदार आनंद जैन ने पांच शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता देखी गई। शिक्षक-विद्यार्थी उपस्थिति जांची गई। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी गई। बच्चों से कक्षा में पढ़ाई पर चर्चा हुई।
उनके शैक्षिक स्तर का आकलन किया गया। निरीक्षण में शासकीय स्कूल रीछई, पैरवासा, पिपरिया जमींदार, सतपाड़ा कलां, इनायतपुर शामिल रहे। टीम ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी का मिलान किया। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांची गई। साफ-सफाई देखी गई। निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन वितरण की व्यवस्था जांची गई।
विद्यार्थियों को मिलने वाली पाठ्य पुस्तकों की स्थिति देखी गई। साइकिल वितरण की जानकारी ली गई। जिन विद्यार्थियों को किताबें या साइकिल नहीं मिली, उनकी सूची बनाई गई। जल्द वितरण के निर्देश दिए गए। स्कूल प्रभारियों को विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देने को कहा गया। कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में कुछ विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बने मिले। कुछ के आधार कार्ड नहीं बने पाए गए। 15 दिन में सभी विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र और आधार बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
📡 स्रोत: NewsData.io