औरैया में PRV ने बचाई युवक की जान:फांसी लगाने की कोशिश कर रहे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया
औरैया के गाजीपुर गांव में आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक की जान पीआरवी ने बचाई। घटना बुधवार रात लगभग 8:54 बजे हुई, जब पीआरवी 8082 को सूचना मिली। पुलिस को सूचना मिली थी कि भूपेंद्र सिंह ने अपने पिता पर हमला किया है। घटनास्थल पर पहुंचने पर पीआरवी कर्मियों को कॉलर के परिजन घर पर मिले।
परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र ने घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था और वह फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पीआरवी कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घर का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया।
अंदर एक कमरे में भूपेंद्र (पुत्र दिलीप सिंह) फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला।पीआरवी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फंदा काटकर भूपेंद्र को नीचे उतारा। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और तुरंत 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना स्थल पर परिजन और इंडियन ऑयल चौक की पुलिस चौकी के कर्मी मौजूद थे।पीआरवी की इस त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच सकी। इस मामले में अग्रिम कार्यवाही थाना कोतवाली औरैया द्वारा की जाएगी। इस सराहनीय कार्य में पीआरवी 8082 के कमांडर कांस्टेबल मनोज चौधरी और चालक होमगार्ड शिशुपाल सिंह शामिल थे।
📡 स्रोत: NewsData.io