भोपाल

अवधपुरी क्षेत्र की 15 कॉलोनियों के 1000 रहवासियों की आवाज़ पर त्वरित कार्रवाई

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 22 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अवधपुरी क्षेत्र की 15 कॉलोनियों के 1000 रहवासियों की आवाज़ पर त्वरित कार्रवाई

विधायक एवं राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने किया क्षेत्र का स्थल निरीक्षण, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

भोपाल, 22 सितंबर 2026। अवधपुरी परिक्षेत्र जनकल्याण महासमिति द्वारा अवधपुरी क्षेत्र की 15 कॉलोनियों के लगभग 1000 रहवासियों के हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष रखा गया था। ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए गोविंदपुरा विधायक एवं राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने आज पूरे प्रशासनिक अमले के साथ रीगल सिविक सेंटर से सरला एस्टेट तक क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, नर्मदा जल तथा अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का मौके पर जायजा लिया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश दिए गए।

प्रमुख निर्णय एवं निर्देश

  1. लगभग ₹7 करोड़ की सड़क परियोजना को स्वीकृति

सरला एस्टेट से कंचन नगर होते हुए न्यू फोर्ट कॉलोनी तक सड़क निर्माण के लिए लगभग ₹7 करोड़ की लागत से सड़क स्वीकृति प्रदान की गई।

  1. स्ट्रीट लाइट की समस्या का 5 कार्य दिवस में समाधान

रीगल टाउन से सरला एस्टेट एवं कस्तूरी हैबिटेट तक खराब विद्युत लाइनों को बदलने, आवश्यक विस्तार करने तथा नई LED स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य आगामी 5 कार्य दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

  1. नर्मदा जल के लंबित बल्क कनेक्शन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में लंबित नर्मदा जल के बल्क कनेक्शन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

  1. अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई

अतिक्रमण के संबंध में कड़ा रुख अपनाते हुए अनंत चतुर्दशी के पश्चात अवैध निर्माण हटाने, सड़क चौड़ीकरण तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

  1. अवैध एसिड निर्माण गतिविधि पर कार्रवाई

सड़क के समीप संचालित अवैध एसिड निर्माण गतिविधि को सील करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

  1. सरला एस्टेट–रीगल सिविक सेंटर मार्ग की मरम्मत

सरला एस्टेट से रीगल सिविक सेंटर तक जर्जर मार्ग की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

सामूहिक प्रयास का परिणाम

अवधपुरी परिक्षेत्र जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष श्री रमन तिवारी के साथ सुशील दुबे, अशोक वर्मा, ऋषि कटारे, रोहित पांडे, श्रीमती करुणा सिंह, विनय सिंह, गौरव गौतम सहित सभी 15 कॉलोनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रहवासी स्थल निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।

इस दौरान क्षेत्र की महिला शक्ति की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही।

महासमिति ने कहा कि यह पहल किसी एक कॉलोनी की समस्या तक सीमित न होकर पूरे अवधपुरी परिक्षेत्र की सामूहिक आवश्यकताओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़ा विषय है। 15 कॉलोनियों के रहवासियों की एकजुटता, सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन और प्रशासन के साथ समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई प्रारंभ हुई है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।