राज्य

अवैध गौवंश तस्करी के खिलाफ खरगोन पुलिस की कार्रवाई, 8 गौवंश मुक्त, पिकअप वाहन जब्त

लेखक: Lala Jamalkar अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अवैध गौवंश तस्करी के खिलाफ खरगोन पुलिस की कार्रवाई, 8 गौवंश मुक्त, पिकअप वाहन जब्त

खरगोन। अवैध गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चैनपुर थाना क्षेत्र की हेलापडावा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 गौवंश को मुक्त कराया है। पुलिस ने गौवंश के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। जब्त मशरुके की कुल कीमत करीब 12.20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की तड़के हेलापडावा चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की पिकअप में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी सउनि नंदकिशोर राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर चित्तौड़गढ़-भुसावल हाईवे पर चौकी के सामने नाकाबंदी की गई।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार बिना नंबर की पिकअप वाहन आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर वाहन को आगे ले जाने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस टीम ने पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें 8 गौवंश क्रूरतापूर्वक भरे मिले। पुलिस ने वाहन को जब्त कर गौवंश को मुक्त कराया।

मामले में हेलापडावा चौकी, थाना चैनपुर में अपराध क्रमांक 268/26 के तहत मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, मौके से फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने जब्त 8 गौवंश की कीमत करीब 2.20 लाख रुपये और पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी है। इस तरह जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 12.20 लाख रुपये है।

कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी चैनपुर निरीक्षक गणपत कनेल और चौकी प्रभारी हेलापडावा सउनि नंदकिशोर राय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोकेश वास्कले, आरक्षक धर्मेन्द्र यादव, राहुल, रितेश, जितेन्द्र सहित चौकी हेलापडावा के अन्य पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।

L
Lala Jamalkar

लाला जमालकर खरगोन के वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं। लंबे समय से क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने ला रहे हैं। उनका अनुभव और जमीनी पत्रकारिता महत्वपूर्ण है।