राज्य

अवैध शराब की बिक्री पर जिला प्रशासन सख्त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
अवैध शराब की बिक्री पर जिला प्रशासन सख्त

शाहजहांपुर में जनपद में अवैध रूप से शराब की बिक्री पर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब का निर्माण और बिक्री किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। कलान क्षेत्र में अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित आबकारी इंस्पेक्टर के निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में सीएम डैशबोर्ड (कानून व्यवस्था), नारकोटिक्स, आबकारी एवं अभियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने आबकारी विभाग की कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नारकोटिक्स सेल की समीक्षा में डीएम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी ली।

उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए।अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।