अयोध्या में पुलिस ने रोका तो कांग्रेसी सड़क पर बैठे:बोले- शुद्धीकरण करने वालों पर भी हो कार्रवाई, राहुल गांधी पर FIR के खिलाफ प्रदर्शन
उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने अयोध्या में विरोध मार्च निकाला। जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता कमला नेहरू भवन स्थित पार्टी कार्यालय से गांधी पार्क के लिए निकले थे। सिविल लाइंस पहुंचने से पहले प्रशासन ने मार्च रोक दिया।
इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के मंच को कथित तौर पर धोकर उसका शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
सामाजिक भेदभाव का मुद्दा उठाने पर FIR क्यों? जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने छुआछूत जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे को उठाया था। इसी मुद्दे को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है तो खड़गे के कार्यक्रम के मंच को धोने और शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि मामला सिर्फ राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तक सीमित नहीं है।
खड़गे के कार्यक्रम के मंच को धोने की घटना भी सामाजिक भेदभाव से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने एफआईआर को दुर्भावना से दर्ज बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। कानून सभी के लिए समान हो पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र में विश्वास करती है।
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस होनी चाहिए। साथ ही मंच धोने वालों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि कानून सभी के लिए समान है।
पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, पीसीसी सदस्य राम अवध पासी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामसागर रावत और जिला महासचिव बृजेश रावत ने भी एफआईआर वापस लेने की मांग की।
विरोध मार्च में पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, सेवादल महानगर अध्यक्ष वसंत मिश्रा, अशोक कनौजिया, हरजीत सिंह सलूजा, सुरेंद्र सिंह सैनिक, राज प्रताप सिंह, जिओ हैदर, रुद्र प्रताप सिंह रिशु, कवींद्र साहनी, मोहम्मद आमिर, डॉ.
विनोद गुप्ता, उमेश उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
📡 स्रोत: NewsData.io