बड़खेड़ा में बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए शुरू हुआ केंद्र, पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर रहेगा जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 10 सितंबर। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहानुभूति मानव कल्याण विकास समिति, भोपाल ने पंछी विहार (बड़खेड़ा) में बालिका शिक्षा एवं स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत की है। केंद्र का शुभारंभ 9 सितंबर को शाम 4 बजे किया गया।
शुभारंभ अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष चंदर गोस्वामी, सचिव डॉ. तक्ष? सिंह सहित संस्था से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी भावना वर्मा को सौंपी गई है। संस्था के अनुसार भावना वर्मा लंबे समय से योग शिक्षिका के रूप में कार्य कर रही हैं।
केंद्र का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से बालिकाओं को समझ के साथ पढ़ने-लिखने के अवसर उपलब्ध कराना है। यहां विभिन्न प्रकार की शिक्षण सामग्री और गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को पढ़ाई के साथ-साथ सीखने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के अवसर दिए जाएंगे। संस्था का मानना है कि इससे स्कूल शिक्षा के दौरान आने वाली बाधाओं और कठिनाइयों को दूर करने में बालिकाओं को मदद मिलेगी।
केंद्र में बालिकाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। संस्था का कहना है कि बालिकाओं का स्वस्थ रहना और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होना उनके बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
संस्था के अनुसार खासकर बस्तियों में बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। इसका एक प्रमुख कारण आर्थिक तंगी है। ऐसे परिवारों में अभिभावकों का अधिकतर ध्यान परिवार के भरण-पोषण के साधन जुटाने पर केंद्रित रहता है, जिसके चलते बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें पीछे छूट जाती हैं।
पंछी विहार क्षेत्र में अधिकांश परिवारों की आय का मुख्य स्रोत मजदूरी और दूसरों के घरों में काम करना है। आर्थिक कठिनाइयों और अन्य कारणों से कई बच्चियों की पढ़ाई छोटी कक्षा में ही छूट जाती है। संस्था का कहना है कि केंद्र ऐसी बालिकाओं को पढ़ाई से जोड़ने और उनकी शिक्षा को नियमित रूप से जारी रखने में सहयोग करेगा। साथ ही उन्हें आगे सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
सहानुभूति मानव कल्याण विकास समिति ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर उनमें आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें और आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ें।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
बड़खेड़ा में सहानुभूति मानव कल्याण विकास समिति द्वारा शुरू किया गया बालिका शिक्षा एवं स्वास्थ्य केंद्र, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की लड़कियों को पढ़ाई और स्वास्थ्य के बेहतर अवसर देने का लक्ष्य रखता है। यह पहल शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता को एक साथ जोड़कर, लड़कियों के समग्र विकास को बढ़ावा देती है। ऐसी परियोजनाएँ समाज में शिक्षा के स्तर को बढ़ाती हैं और स्वास्थ्य समस्याओं को कम करती हैं, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ घटता है। इसके परिणामस्वरूप, स्थानीय समुदाय में साक्षरता दर और स्वास्थ्य सूचकां