बाढ़ के बाद मायड़ घाटी में बहाल हुई बीएसएनएल सेवा
अगस्त 31, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): लाहौल-स्पीति के उदयपुर उपमंडल की मायड़ घाटी में बाढ़ के कारण बाधित हुई बीएसएनएल की दूरसंचार सेवा अब सुचारू हो गई है। सेवा बहाल होने से घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। गत दिनों क्षेत्र में आई बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
प्राकृतिक आपदा के बीच दूरसंचार सेवा ठप होने से स्थानीय लोगों को अपनों से संपर्क करने के साथ-साथ आवश्यक सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र की विधायक अनुराधा राणा के निर्देश पर बीएसएनएल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई की और घाटी में संचार सेवा को बहाल किया।
सेवा बहाली के बाद स्थानीय लोगों में राहत और संतोष का माहौल है। बीडीसी सदस्य अंजलि कटोच ने मायड़ घाटी में दूरसंचार सेवा शीघ्र बहाल करने के लिए विधायक अनुराधा राणा तथा बीएसएनएल के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा की परिस्थितियों में संचार व्यवस्था की बहाली लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।