बाइक टकराने पर युवक को बीच सड़क पटका, VIDEO:रावतपुर में दबंग ने लात-घूंसे मारे, जान से मारने की धमकी दी; मुकदमा दर्ज
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम में मोटर साइकिल टकराने के बाद युवक को दूसरे बाइक सवार ने जमकर पीट दिया। आरोप है कि आरोपी ने पहले युवक को उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर लात-घूंसों से जमकर पीटा। इसके बाद हेलमेट से सिर पर कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
मारपीट के दौरान आरोपी ने युवक का गला दबाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज सोमवार को सामने आया। वारदात 22 अगस्त की है। पीड़ित की तहरीर पर रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अचानक बाइक मोड़ने से हुई टक्कर, सड़क पर गिरा युवक रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम निवासी अंशुल अहिरवार प्राइवेट कर्मी है अंशुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 22 अगस्त को दोपहर करीब 2:40 बजे अपनी बहन को छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौराहे के पास सामने से आ रहे एक युवक ने अचानक अपनी बाइक मोड़ दी।
इससे दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। टक्कर लगने से अंशुल बाइक समेत सड़क पर गिर गए। उसके संभलने से पहले ही सामने वाले युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पीटने लगा। इसके बाद आरोपी ने हेलमेट उठाकर अंशुल के सिर पर वार कर दिया।
हेलमेट लगने से उनके सिर में चोट आई और वह घायल हो गए। गला दबाकर धमकाया, मां-बहन को भी दी गालियां पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उनका गला भी दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने अंशुल की मां और बहन के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की।
अचानक हुए हमले से घबराए अंशुल किसी तरह वहां से भाग निकले और अपनी बाइक मौके पर ही छोड़ दी। कुछ देर बाद उनके चाचा और चाची वहां पहुंचे। अंशुल ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह चाचा-चाची के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक आरोपी बिल्डिंग के गेट पर खड़ा रहा और लगातार गाली-गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देता रहा। 112 पर सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस मामला बढ़ता देख अंशुल ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रावतपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान अरमान के रूप में हुई, जो नगेश्वर अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1207 में रहता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उसने पुलिस को फुटेज उपलब्ध कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश कुमार रॉय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📡 स्रोत: NewsData.io