बैरसिया में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शिविर, एक सप्ताह में आवेदनों के निराकरण के निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बैरसिया की कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत वृहद जनकल्याण एवं जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ‘उद्यम संवाद’ के जरिए स्थानीय उद्योगपतियों और उद्यमियों से भी चर्चा की गई। शिविर में विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ दिया।
भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर अधिकतम एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें आवेदक को कारण और संभावित समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
सोयाबीन फसल में हुए नुकसान को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि क्षति का पारदर्शी सर्वे कराने के लिए जल्द ही सर्वे दल गठित किए जाएंगे। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। ‘उद्यम संवाद’ में स्थानीय उद्योगपतियों और उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की अधोसंरचना, भूखंड आवंटन और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव रखे।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। विधायक विष्णु खत्री ने शासन की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने बैरसिया में 3 हजार टन क्षमता के वेयरहाउस, मंडी परिसर में नि:शुल्क ग्रेडिंग प्लांट और किसानों के लिए प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने पट्टे, सीमांकन और बंटवारे से जुड़े लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों की विभागवार निगरानी सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा।