अपराध

बैरसिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा शराब से भरा वाहन, एक आरोपी गिरफ्तार

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बैरसिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा शराब से भरा वाहन, एक आरोपी गिरफ्तार

3,600 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, 407 वाहन समेत 32 लाख की संपत्ति जब्त

भोपाल/बैरसिया। अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैरसिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,600 लीटर अवैध देशी शराब से भरे 407 वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन क्रमांक MP 04 WB 7618 में अवैध देशी शराब भरकर भोपाल से तरावली की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के बाद बैरसिया पुलिस टीम ने भोपाल-बैरसिया रोड पर तरावली जोड़ मंदिर के पास वाहन चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध 407 वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन से देशी मदिरा मसाला और देशी मदिरा प्लेन की कुल 400 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने चालक आरीफ खां पिता मुन्ने खां, उम्र 53 वर्ष, निवासी सीआई कॉलोनी, जहांगीराबाद, भोपाल से शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने वाहन से 1,800 लीटर देशी मदिरा मसाला और 1,800 लीटर देशी मदिरा प्लेन, कुल 3,600 लीटर शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपए और शराब परिवहन में इस्तेमाल 407 वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 32 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की।

मामले में आरोपी आरीफ खां को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 571/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने वाहन मालिक जावेद खां और विनय पिपलानी के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस दोनों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद सोनकर के मार्गदर्शन और एसडीओपी बैरसिया वैशाली करहालिया के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी बैरसिया रामबाबू चौधरी सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भोपाल देहात पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और विक्रय के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

इस खबर में बैरसिया पुलिस ने 3,600 लीटर अवैध देशी शराब से भरे 407 वाहनों को जब्त किया और चालक को गिरफ्तार किया। यह विषय अवैध शराब के उत्पादन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे शराब से जुड़ी स्वास्थ्य और सुरक्षा जोखिमों में कमी आ सकती है तथा कर राजस्व पर भी असर पड़ेगा। आम जनता पर इसका असर सकारात्मक होगा—सड़क दुर्घटनाओं में कमी, शराब से होने वाली बीमारियों में घटाव और शराब के अवैध बाजार में गिरावट।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।