अपराध

बैरसिया के तरावली डेरे में ड्रोन से निगरानी, 275 लीटर अवैध शराब और 15 हजार किलो लाहन बरामद

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 22 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बैरसिया के तरावली डेरे में ड्रोन से निगरानी, 275 लीटर अवैध शराब और 15 हजार किलो लाहन बरामद

भोपाल, 22 सितंबर 2026। बैरसिया क्षेत्र के तरावली डेरे में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ भोपाल देहात पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और संभागीय उड़नदस्ता भी कार्रवाई में शामिल रहा। टीम ने ड्रोन की मदद से अवैध मदिरा निर्माण के संभावित ठिकानों की निगरानी कर अलग-अलग डेरों में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी टीम की भनक लगते ही डेरे में मौजूद कुछ लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने खुले और खाली पड़े घरों की तलाशी ली, जहां से करीब 275 लीटर अवैध हाथभट्टी मदिरा और 15 हजार किलोग्राम लाहन बरामद किया गया।

तलाशी के दौरान जमीन के अंदर अवैध रूप से हाथभट्टी शराब तैयार करने के लिए बनाई गई 12 भट्टियां भी मिलीं। टीम ने सभी भट्टियों को नष्ट कर दिया। इनमें शराब तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे दो बॉयलर भी जब्त किए गए। अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई। उपायुक्त आबकारी संभाग भोपाल केसी अग्निहोत्री, सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र कुमार धाकड़ तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी वर्षा उइके के नेतृत्व में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

अभियान में भोपाल देहात पुलिस के 75 और आबकारी विभाग के 52 अधिकारी-कर्मचारी समेत कुल 127 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई में बैरसिया एसडीओपी वैशाली करहेलिया, एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव, निरीक्षक नरेन्द्र यादव सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग के अनुसार अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

इस खबर में बैरसिया के तरावली डेरे में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई का वर्णन है, जहाँ ड्रोन से निगरानी कर 275 लीटर अवैध शराब और 15 हजार किलो लाहन बरामद की गई। यह विषय इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अवैध शराब से सार्वजनिक स्वास्थ्य, सुरक्षा और कर राजस्व पर गंभीर असर पड़ता है। ऐसी कार्रवाई से न केवल अपराधियों को सजा मिलती है, बल्कि आम जनता को सुरक्षित और कर योग्य शराब उपलब्ध कराई जाती है, जिससे समाज में स्वास्थ्य जोखिम और आर्थिक नुकसान कम होते हैं।

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

अवैध शराब की तस्करी और उत्पादन से समाज को न केवल स्वास्थ्य जोखिम, बल्कि आर्थिक और सामाजिक असमानता भी बढ़ती है। ड्रोन जैसी नई तकनीक से निगरानी बढ़ाने से अपराधियों का पता लगाना आसान हो गया, पर हमें यह याद रखना चाहिए कि रोकथाम का पहला कदम शिक्षा और रोजगार के अवसरों से है। युवाओं को वैध उद्योगों में प्रशिक्षित कर, समाज में सशक्तिकरण की भावना पैदा करें, ताकि वे कानून के मार्ग पर चलें और अपने परिवारों के लिए उज्ज्वल भविष्य संवारें।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।