अपराध

बैरिया में छह वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म, जांच शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बैरिया में छह वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म, जांच शुरू

पश्चिम चंपारण के बैरिया में छह वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया। बच्ची को जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया। पुलिस जांच में जुटी है।

15 अक्टूबर, बैरिया (पश्चिम चंपारण, बिहार) : पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, बच्ची घर के पीछे स्थित शौचालय गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक किशोर पर उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। परिजनों ने जब बच्ची की खोजबीन शुरू की, तो वह कथित आरोपी के घर से रोती हुई बाहर निकली। इसके बाद बच्ची ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी।

घटना के बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बैरिया ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। बैरिया थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: नाबालिग पीड़िता की निजता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी पहचान उजागर करने वाली कोई भी जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।