बैतूल: आठनेर के शासकीय कन्या विद्यालय में हुआ उद्यमी संवाद, कलेक्टर ने सुनी समस्याएं और दिए निर्देश

मुख्यमंत्री 'जन-विश्वास अभियान' के तहत बैतूल जिले के आठनेर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष 'उद्यमी संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने स्थानीय उद्यमियों, व्यापारियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से आत्मीय संवाद किया।
उन्होंने उद्यमियों से उनकी इकाइयों के संचालन, विस्तार, उत्पादन, बिक्री, आय और आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे और एसडीएम श्री अजीत मरावी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उद्यमियों और डेयरी संचालकों से चर्चा
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पीएमएफएमई योजना के तहत संचालित सोयाबीन प्लांट के संचालक अमन राठौर से चर्चा कर उन्हें मिले ऋण, प्लांट के उत्पादन, ब्रांडिंग व बिक्री की जानकारी ली।
इसी प्रकार, पशु आहार यूनिट के संचालक देवीदास मायवाड़े से यूनिट की उत्पादन क्षमता, लागत और मशीनों की जानकारी ली गई तथा डेयरी संचालक विकास खाकरे से पनीर, मावा एवं घी के उत्पादन और बाजार उपलब्धता पर चर्चा की गई। स्व-सहायता समूह की महिलाओं की समस्याएं और समाधान
कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं (पुष्पलता सिरसाम, कविता डांगे, कंचन इवने आदि) ने कलेक्टर के समक्ष अपने उत्पाद बेचने के लिए उचित बाजार न मिलने की समस्या रखी।
इस पर कलेक्टर ने एनआरएलएम (NRLM) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए उपयुक्त बाजार और बिक्री के अवसर सुनिश्चित किए जाएं ताकि महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।
इसके अलावा, ग्राम पंचायत बाकुड़ और टेमुरनी में समूह की बैठकें आयोजित करने में आ रहे असहयोग की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से इस समस्या का तुरंत समाधान कराया जाए। व्यापारियों की मांग पर मार्केट हब विकसित करने के निर्देश
स्थानीय व्यापारियों ने दुकानों के सामने फुटपाथ पर फल-सब्जी विक्रेताओं के कारण होने वाली असुविधा और यातायात बाधित होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने सीएमओ को निर्देश दिए कि फल-सब्जी विक्रेताओं के लिए एक उपयुक्त स्थान चिन्हित कर वहां व्यवस्थित 'मार्केट हब' विकसित किया जाए।
साथ ही, तहसीलदार, थाना प्रभारी और सीएमओ को संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।