बालाघाट- ग्राम बोंदारी में पहुंचा जिला प्रशासन, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ मौके पर ही समाधान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिविर में संबल कार्ड के लिए 27 पंजीयन किए गए। पूर्व में तैयार 237 जाति प्रमाण पत्र ग्रामीणों को वितरित किए गए, जबकि जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए 79 नए आवेदन प्राप्त हुए। इन प्रमाण पत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 5 दिवस में तैयार कर वितरित किया जाएगा।इसी प्रकार जन्म प्रमाण पत्र के 25 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इन प्रकरणों में तहसील कार्यालय से आवश्यक आदेश की कार्यवाही कर 4 दिवस में ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। समग्र आईडी में नाम जोड़ने के 24 आवेदन तथा एम-राशन मित्र पोर्टल पर नाम जोड़ने के 5 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। आहार अनुदान के 2 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी प्रक्रिया जारी है।
शिविर में परिवार विभाजन के 12, 20 आधार अपडेशन एवं 22 नवीन आधार कार्ड के प्रकरण भी प्राप्त हुए।
शिविर में वन अधिकार पट्टे से संबंधित 32 आवेदनों को मान्य किए जाने के लिए विचार किया गया। इन प्रकरणों का निराकरण आगामी 5 दिवस में करने के बाद पात्र हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टे वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 12 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए। आधार संबंधी सेवाओं के तहत 13 व्यक्तियों के आधार का अपडेशन किया गया तथा 24 नए आधार कार्ड बनाए गए। बैंक खाता खोलने के लिए प्राप्त एक आवेदन पर बैंक अधिकारी द्वारा मौके पर ही खाता खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। वहीं परिवार विभाजन से संबंधित 12 आवेदन भी प्राप्त किए गए।
शिविर में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दस्तावेजों के अभाव में नहीं ले पा रही महिलाओं की सहायता के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अमले द्वारा आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने की कार्यवाही की गई। इससे पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने का रास्ता आसान हुआ।
बीमारी प्रभावित क्षेत्र में आयोजित शिविर के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे किया। ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई तथा आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई। पशुपालन विभाग द्वारा बकरी पालन के लिए प्राप्त 8 आवेदनों के दस्तावेज तैयार किए गए। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को कोदो-कुटकी के बीज का वितरण कर उन्हें स्थानीय एवं पोषक अनाजों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला पंचायत सीईओ तनुश्री मीणा एवं एसडीएम अनिकेत शांडिल्य शिविर में मौके पर मौजूद रहे और विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैगा जनजाति के ग्राम बोंदारी में पहली बार इस तरह का विशेष शिविर आयोजित किया गया।
एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने और कई समस्याओं का मौके पर समाधान होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से उन्हें अनेक शासकीय सेवाओं का लाभ गांव में ही मिल सका।