राज्य

बालाघाट- कमिश्नर एवं कलेक्टर ने बालाघाट जिले के बैहर एवं बिरसा विकासखंड का किया सघन भ्रमण

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बालाघाट- कमिश्नर एवं कलेक्टर ने बालाघाट जिले के बैहर एवं बिरसा विकासखंड का किया सघन भ्रमण

बैहर विकास खंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिठली एवं बिरसा विकास खंड के कुंडेकसा ग्राम में बने अस्थायी स्वास्थ्य कैम्प का कमिश्नर एवं कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दस्तक अभियान की प्रगति से स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा अवगत कराया कि बैहर एवं बिरसा विकासखण्ड के ग्रामों में व्यक्तियों का लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के दौरान सर्दी, खांसी, मलेरिया आदि के पाए गए मरीजों को आवश्यक दवाएँ देकर समुचित उपचार किया गया। संभागायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को वर्षाजनित संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिये आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के व्यापक दिशा निर्देश दिए।

संभागायुक्त द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन एवं उनमें पंजीकृत बच्चों के सम्बन्ध में महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र की समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों का सतत निरीक्षण करें तथा बच्चों को समय पर पोषण आहार, नाश्ता एवं मध्यान भोजन गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अब तक लगभग 1300 से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है।

संभागायुक्त द्वारा पेयजल स्रोतों तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता के संबंध में निरीक्षण के दौरान जानकारी लेने पर पीएचई विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बैहर एवं बिरसा विकास खंड के ग्रामों में 529 सक्रिय हैंड पंप है इन सभी का क्लोरीनेशन किया जा रहा है। संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निरीशित किया कि वे सभी पेयजल स्त्रोतों की वाटर टेस्टिंग कराकर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

भ्रमण के दौरान संभागायुक्त ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतों में मार्गों एवं ड्रेनेज की नियमित साफ सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता अनिवारूप से सुनिश्चित करें। इसी प्रकार सभी छात्रावास एवं स्कूलों में साफ-सफाई तथा बच्चों के भोजन वितरण आदि में पर्याप्त स्वच्छता एवं गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। छात्रावास एवं आश्रमो में बच्चों के लिए मच्छरदानी आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही पेयजल श्रोत का क्लोरीनेशन एवं टंकियों की साफ सफाई भी नियमित रूप से विभागीय अधिकारी सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त ने बोंदारी ग्राम के उर्सेकल टोला में स्थित प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान छात्रों को गणवेश उपलब्ध न होने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता की प्रगति ठीक न पाए जाने से संबंधित शिक्षक एवं डीपीसी का स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर को दिए।

पशुपालन विभाग के अधिकारियों को भ्रमण के दौरान निर्देशित किया कि वे सभी पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर आवश्यक टीकाकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें एवं अस्वस्थ पाए पशुओं का समुचित उपचार भी समय पर सुनिश्चित करें।विभागीय अधिकारियो द्वारा बताया गया कि अब तक 1800 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

संभागायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में सतत भ्रमण कर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाएं/ सेवाओं की समुचित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। शासन की योजनाएं, सेवाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।