खेल

बानपुर ने जीता शासनबेड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब, पेनाल्टी शूटआउट में चांदीडीह को हराया

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 24 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बानपुर ने जीता शासनबेड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब, पेनाल्टी शूटआउट में चांदीडीह को हराया

angara(ranchi) अनगड़ा प्रखंड की राजाडेरा पंचायत के शासनबेड़ा में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट रविवार को संपन्न हो गया। रोमांचक खिताबी मुकाबले में बानपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चांदीडीह को पेनाल्टी शूटआउट में पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

रविवार को शासनबेड़ा मैदान में खेले गए फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। इसमें बानपुर ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के युवा नेता महावीर महतो ने विजेता (बानपुर) और उपविजेता (चांदीडीह) टीमों को ट्रॉफी तथा एक-एक खस्सी प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महावीर महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद के आयोजन से छुपी हुई प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है। फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और टीम भावना का विकास करते हैं।

उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा से ग्रामीण खिलाड़ियों को बढ़ावा देने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है, ताकि क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य व देश स्तर पर पहचान बना सकें।

टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के नरेश महतो, रोहित महतो, उमेश महतो, रोशन महतो, जगदेव महतो, संदीप महतो, दुर्गा महतो, रामकुमार महतो, रोहित एक्का व अमर मिंज सहित अन्य खेल प्रेमियों का सराहनीय योगदान रहा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।