राजनीति

Bangladesh PM Tarique Rahman का भारत दौरा मुश्किल, BRICS Summit पर अनिश्चितता

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
Bangladesh PM Tarique Rahman का भारत दौरा मुश्किल, BRICS Summit पर अनिश्चितता

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के अगले महीने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत यात्रा पर जाने की संभावना ‘‘बहुत कम’’ है। विदेश मामलों के संबंध में प्रधानमंत्री के सलाहकार हुमायूं कबीर ने यह बात कही।

कबीर ने कहा कि जब तक ‘‘आपसी विश्वास’’ पर आधारित उचित माहौल तैयार नहीं किया जाता और नयी दिल्ली की ओर से ‘‘सम्मानजनक निमंत्रण’’ नहीं दिया जाता, तब तक प्रधानमंत्री रहमान के भारत दौरे की संभावना ‘‘काफी कम’ है।

उन्होंने कहा कि ढाका स्पष्ट रूप से तय किए गए राष्ट्रीय हितों के बिना उच्च-स्तरीय यात्रा आयोजित करने की कोई जल्दबाजी में नहीं है।

कबीर ने एक साक्षात्कार में सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ से कहा, ‘‘राष्ट्रीय हितों से समझौता करके या उनसे आगे बढ़कर उच्च-स्तरीय यात्रा के लिए जल्दबाजी करने का कोई औचित्य नहीं है।’’ यह साक्षात्कार 17 अगस्त को लिया गया था और बृहस्पतिवार को प्रकाशित हुआ।

इन टिप्पणियों के बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री रहमान की 12-13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नयी दिल्ली यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

इसे भी पढ़ें: Bangladesh में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी, Mirza Alamgir मजबूत स्थिति में बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की है, जिसे लेकर भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव बढ़ा हुआ है।

कबीर ने कहा, ‘‘आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री की भारत यात्रा की संभावना तब तक बहुत कम है, जब तक कि कुछ विशेष मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहमति के आधार पर उचित माहौल नहीं बनाया जाता और सम्मानजनक निमंत्रण नहीं दिया जाता।’’ उन्होंने हालांकि कहा कि यदि ‘‘आपसी विश्वास’’ और दोनों देशों के बीच सहमति के आधार पर ‘‘उचित’’ द्विपक्षीय माहौल बनाया जाता है तो बांग्लादेश ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने पर सकारात्मक रुख अपना सकता है।

भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने मंगलवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संदेश दिया है कि दोनों नेताओं को मुलाकात करनी चाहिए और वह चाहते हैं कि उनके बांग्लादेशी समकक्ष रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा “यादगार” हो।

इसे भी पढ़ें: Assam Police ने 17 बांग्लादेशी घुसपैठियों को रोका, CM Himanta Biswa Sarma ने दी जानकारी कबीर ने कहा कि बांग्लादेश-भारत संबंधों की आगे की दिशा और प्रधानमंत्री रहमान की किसी भी संभावित भारत यात्रा का निर्णय भारतीय नेतृत्व के रुख में बदलाव और बांग्लादेश के राजनीतिक घटनाक्रम पर निर्भर करेगा।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री हसीना को लेकर भी नाराजगी जताई, जो राजनीतिक उथल-पुथल के बाद भारत चली गई थीं। उन्होंने कहा कि हसीना को राजनीतिक गतिविधियों और मीडिया में अपनी बात रखने के लिए भारतीय क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बांग्लादेश में नाराजगी है और आरोप लगाया कि आपराधिक मामलों का सामना कर रहे या दोषी ठहराए जा चुके व्यक्तियों को राजनीतिक या मीडिया मंच उपलब्ध कराना “भारत की लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।” भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि हसीना से संबंधित मीडिया कार्यक्रम में उसकी कोई भूमिका नहीं थी और वह उस मंच पर बांग्लादेश सरकार के बारे में कही गई किसी भी बात का समर्थन नहीं करता है।

भारत 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभाव समेत कई गंभीर वैश्विक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।