इस बार मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मिलेगी मोबाईल कानेक्टिविटी सुविधा
अगस्त 17, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा की तैयारी शुरू हो चुकी है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार दुर्गम यात्रा मार्ग पर बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी मिलेगी। बीएसएनएल ने धनछो और हड़सर में 4जी नेटवर्क उपलब्ध करवाने की तैयारी तेज कर दी है। इस तरह की सुविधा पहली बार बीएसएनएल द्वारा मणिमहेश यात्रा में उपलब्ध करवाई जा रही है। बीएसएनएल कांगड़ा-चंबा के वरिष्ठ महाप्रबंधक विपिन कुमार मौर्या के मुताबिक धनछो में 4जी टावर का काम पूरा हो चुका है और इसकी टेस्टिंग जारी है और इसे ऑन-एयर कर दिया गया है। वहीं हड़सर में भी टावर स्थापित करने का काम जारी है। धनछो टावर से मणिमहेश की ओर करीब तीन से चार किलोमीटर क्षेत्र में नेटवर्क मिलने की उम्मीद है। इससे श्रद्धालु परिजनों से संपर्क में रह सकेंगे और आपदा या आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्यों के लिए संचार व्यवस्था भी मजबूत होगी।