बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, डंपर-कार की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में आज मंगलवार दोपहर तेज बारिश के बीच एक डंपर और ऑल्टो कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑल्टो कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही और एक की अस्पताल में मौत हो गई।ये दुर्घटना बिंदोरा चौराहे के पास लगभग 11:30 बजे हुई।
रामनगर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने लखनऊ से बहराइच जा रही ऑल्टो कार (UP32CD0221) को टक्कर मार दी। मृतकों में एक महिला और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण सड़क पर फिसलन और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।