राजनीति

बारां में बालिकाओं ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बारां में बालिकाओं ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, ईसीआई नेट ऐप से सीखा ऑनलाइन पंजीयन

बारां, 11 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और पात्र युवाओं को मतदाता सूची में पंजीयन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बारां जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार तथा समाज को मतदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी राजीव तोमर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्वीप के सह प्रभारी अमित भार्गव ने बालिकाओं और उपस्थितजनों को निर्भीक होकर, बिना किसी प्रलोभन के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई।

अमित भार्गव ने बालिकाओं को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त युवा ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को उसके मताधिकार के प्रति जागरूक करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बालिकाओं से स्वयं जागरूक मतदाता बनने और अपने परिवार, आस-पड़ोस तथा गांव में लोगों को पंचायत चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी से शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर ऑनलाइन मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही केवाईसी और सी-विजिल जैसे एप्लीकेशन के उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि वे निर्वाचन संबंधी सूचनाएं प्राप्त कर सकें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

बालिकाओं को पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में डिजिटल माध्यमों के जरिए निर्वाचन संबंधी जानकारी हासिल करने और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्रावास वार्डन अनुराधा चौरसिया के निर्देशन में बालिकाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया।

इस दौरान “नारी शक्ति का यही आह्वान, शत-प्रतिशत हो मतदान” जैसे नारों से छात्रावास परिसर गूंज उठा। बालिकाओं ने लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में छात्रावास सहायक जितेंद्र कुमार, कुक शांतिबाई, राम भरोसीबाई सहित छात्रावास की बालिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को मताधिकार के महत्व, मतदाता पंजीयन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।