बारां-झालावाड़ को 1258 करोड़ की सौगात:खेत से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचेगा हाड़ौती का कृषि उत्पाद : शिवराज
सीएम व केंद्रीय कृषि मंत्री ने की जनसभा बारां-झालावाड़ समेत हाड़ौती के कृषि उत्पादों को अब खेत से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने की तैयारी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बारां में कहा कि बारां, झालावाड़ और कोटा के लिए साइंटिस्ट भेजकर नया एग्रो रोडमैप तैयार कराया जाएगा। इसमें खेत से प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और निर्यात तक की चेन विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चौहान ने बारां कृषि उपज मंडी में आयोजित ‘प्रगति पथ पर गतिमान राजस्थान’ कार्यक्रम में बारां-झालावाड़ के लिए 1258 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा में चौहान ने कहा कि हाड़ौती के कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और मार्केटिंग को मजबूत कर उन्हें देश ही नहीं, ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्वती, कालीसिंध और चंबल से 4 लाख हैक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में सिंचाई का पानी पहुंचेगा। केंद्र सरकार संसद के अगले सत्र में नकली बीज और कीटनाशक बनाने वालों के खिलाफ कड़ा कानून लाएगी। वो ईआरसीपी लटकाना चाहते थे, हम जमीन पर उतार रहे: सीएम जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि झालावाड़ व बारां में ढाई साल में करीब 10 हजार करोड़ के काम हुए हैं। बारां-झालावाड़ के लिए 1258 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस का बहुत लंबे समय तक राज रहा है, लेकिन कभी घुंमतु, अर्धघुंमतु, विमुक्त लोगों के बारे में नहीं सोचा। उनके लिए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोचा है। उस काम को केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि आप ईआरसीपी योजना को लटकाना चाहते थे। कांग्रेस के लोगों ने हमेशा भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण किया है। सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि बारां-झालावाड़ हाडोती में अच्छे काम हुए हैं। तेल फैक्ट्री हाईलेवल ब्रिज कांग्रेस सरकार नहीं बना पाई, जिसे सीएम भजनलाल शर्मा ने बनाया है। हमारी डबल इंजन की सरकार ने खैरूवा व जनजाति के लिए 55 करोड़ का आवंटन किया है। सड़क, पानी, बिजली के काम किए हैं। सभा को प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने भी संबोधित किया।
📡 स्रोत: NewsData.io