राज्य

बारिश से कांगड़ा में 267 करोड़ रुपये का नुकसान, 53 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त: डीसी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 02, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): बारिश के मौसम में जिले में सड़क, बिजली और पेयजल योजनाओं को हुए नुकसान का अब तक करीब 267 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है। वहीं, लगभग 53 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने दी।

डीसी ने बताया कि यदि बोह -वैली क्षेत्र को छोड़ दिया जाए तो जिले के अन्य हिस्सों में बारिश से हुआ नुकसान तुलनात्मक रूप से कम है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बारिश के कारण किसी भी तरह की असुविधा की सूचना मिलने पर आपातकालीन ऑपरेशन सेंटर के माध्यम से संबंधित विभाग को तुरंत सूचित कर कार्रवाई करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम अभी सितंबर के अंत तक रहने की संभावना है।

ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की पूर्व चेतावनियों के अनुसार आवश्यक तैयारियां रखने की जरूरत है। डीसी के अनुसार, बारिश में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए मकानों के प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर तुरंत सहायता राशि उपलब्ध करवाई जाती है।

वहीं, भू-वैली जैसी गंभीर त्रासदी वाले क्षेत्रों में सरकार के निर्णय के अनुसार विशेष पैकेज के तहत अतिरिक्त सहायता और राशि वितरित की जाती है।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान बंद होने वाली सड़कों को लंबे समय तक बंद न रखने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर सड़क बहाली का काम शुरू करती हैं, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।