बारिश से हुए नुकसान को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों की डीसी से मुलाकात
नुकसान के बारे में डीसी को करवाया अवगत अगस्त 24, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): सिरमौर जिले में मानसून की भारी बारिश से कई स्थानों पर भारी नुकसान है। संगड़ाह ब्लॉक में भी विभिन्न पंचायतों में सड़कों और रास्तों को बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचा है।
बारिश से हुए नुकसान को लेकर संगड़ाह ब्लॉक के पंचायत प्रधानों ने उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात कर प्रभावित क्षेत्रों के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। भारी बारिश से खासकर सड़कों और संपर्क मार्गों को नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा कई स्थानों पर रिहायशी मकानों को भी नुकसान हुआ है। बडोल पँचायत के प्रधान अनिल शर्मा और कटाह शीतला पँचायत प्रधान श्यामा ठाकुर ने बताया कि डीसी को प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत करवाया गया है साथ ही नुकसान की भरपाई और जरूरी मरम्मत कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और रास्तों की जल्द मरम्मत होना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। वहीं डीसी सिरमौर ने पंचायत प्रतिनिधियों को नुकसान का आकलन कर आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया है।