देश

बारिश में पुल-पुलियों और नदी-नालों से दूर रहें, कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने दिए सतर्कता के निर्देश

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 29 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बारिश में पुल-पुलियों और नदी-नालों से दूर रहें, कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने दिए सतर्कता के निर्देश

विदिशा। बारिश के मौसम में नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों को जिले के पुल-पुलियों, नदी-नालों और घाटों पर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने या किसी स्थान पर जलभराव होने की स्थिति में लोगों को वहां से आवागमन की अनुमति नहीं दी जाए।

संबंधित अधिकारी और मैदानी अमला ऐसे संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षा एवं यातायात संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। एसडीएम ने बेतवा नदी के घाटों का किया निरीक्षण निर्देशों के पालन में विदिशा एसडीएम मनीष जैन ने बेतवा नदी के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने नदी के जलस्तर, घाटों की स्थिति और बारिश के कारण उत्पन्न हो सकने वाली संभावित परिस्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान नायब तहसीलदार निधि लोधी भी मौजूद रहीं। एसडीएम ने संबंधित अमले से नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने घाटों पर विशेष सतर्कता रखने और लोगों को नदी के तेज बहाव तथा जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेतवा नदी सहित जिले के अन्य नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

किसी भी स्थान पर जलस्तर बढ़ने या पुल-पुलिया पर पानी आने की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने और जरूरत के अनुसार सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया है। प्रशासन ने की आमजन से अपील जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों, घाटों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं।

पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में जोखिम लेकर आवागमन न करें। प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बारिश और जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।