अपराध

बर्रा में महिला की मौत, मायके वाले बोले- हत्या है:शरीर पर चोट के निशान थे, पति ने कहा- फांसी लगाई

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बर्रा में महिला की मौत, मायके वाले बोले- हत्या है:शरीर पर चोट के निशान थे, पति ने कहा- फांसी लगाई

कानपुर के बर्रा में शनिवार को 28 वर्षीय आयुषी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति धर्मेंद्र मिश्रा ने मायके वालों को फोन कर बताया कि आयुषी ने फांसी लगा ली है। सूचना के बाद इटावा से पहुंचे मायके वालों ने शव पर चोट के निशान देखकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा दिया। परिजनों ने हंगामा किया तो पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें शांत कराया।

मामला संदिग्ध होने पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 8 साल पहले रिश्तेदारी में हुआ प्रेम, परिवार ने कराई शादी इटावा के पक्काबाद निवासी बृजेश तिवारी प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी बड़ी बेटी आयुषी मिश्रा (28) थी। परिवार में छोटी बेटी यशी मिश्रा और बेटे जय व आदर्श हैं।

यशी अधिवक्ता हैं। यशी के मुताबिक, करीब आठ साल पहले आयुषी का बर्रा निवासी धर्मेंद्र मिश्रा से प्रेम संबंध हो गया था। धर्मेंद्र पुरानी रिश्तेदारी के चलते परिवार के कार्यक्रमों में आता-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। जानकारी होने पर परिवार ने दोनों की शादी करा दी। शादी के करीब दो साल बाद आयुषी और धर्मेंद्र के एक बेटा कृष्णा हुआ।

मायके वालों का आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष दहेज और पैसों की मांग को लेकर आयुषी को परेशान करता था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया। विवाद के बाद पति ने फोन कर कहा- आयुषी ने फांसी लगा ली यशी के मुताबिक शुक्रवार को आयुषी का पति और ससुराल वालों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

मायके पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान पति, सास और ससुर ने आयुषी के साथ मारपीट की। देर रात करीब 12 बजे धर्मेंद्र ने मायके वालों को फोन कर बताया कि आयुषी ने फांसी लगा ली है। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही इटावा में परिवार में कोहराम मच गया।

परिजन रात में ही बर्रा के लिए रवाना हो गए। करीब तीन घंटे बाद जब वे पहुंचे तो आयुषी का शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा था। मायके वालों ने उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान होने का दावा किया। इसके बाद उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। 112 पर फोन, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य हंगामे के बीच मायके पक्ष ने 112 पर पुलिस को सूचना दी।

बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। घटना संदिग्ध मानते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।

पति बोला- विवाद के बाद आयुषी ने फांसी लगाई बर्रा थाना प्रभारी के मुताबिक, मायके पक्ष ने महिला की हत्या की आशंका जताई है। पूछताछ में पति धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आयुषी ने फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार अभी मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शरीर पर मिले चोटों की प्रकृति और मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मायके पक्ष की तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।