राज्य

बस्सी अस्पताल में बढ़े स्क्रब टायफस के मरीज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बस्सी अस्पताल में बढ़े स्क्रब टायफस के मरीज

जयपुर जिले के बस्सी उप जिला चिकित्सालय में मौसमी बीमारियों के साथ स्क्रब टायफस के मरीज भी बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों ने तेज बुखार, सिरदर्द और शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षणों के प्रति सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

जयपुर, 09 अक्टूबर। जिले के राजकीय उप जिला चिकित्सालय, बस्सी में मौसमी बीमारियों के साथ स्क्रब टायफस के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को इस बीमारी के लक्षणों की पहचान करने और समय रहते उपचार लेने की सलाह दी है।

मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. पी.एस. धाकड़ ने बताया कि स्क्रब टायफस एक संक्रमित माइट (घुन जैसे सूक्ष्म जीव) के काटने से फैलने वाली बीमारी है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, गंभीर सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द और शरीर पर लाल चकत्ते होना शामिल हैं। कई मरीजों में काटने वाली जगह पर काले निशान जैसा घाव भी दिखाई दे सकता है।

डॉ. धाकड़ ने बताया कि खेतों, झाड़ियों और नमी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में जाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे स्थानों पर शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनने से माइट के संपर्क में आने का खतरा कम किया जा सकता है।

चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि यदि तेज बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई दें, तो लापरवाही न बरतें और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। समय पर जांच और उपचार से बीमारी की गंभीरता को कम करने में मदद मिल सकती है।

बाइट -1. डॉ. पी.एस. धाकड़, MD - उप जिला चिकित्सालय, बस्सी

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।