बस्तर में निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों को दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज विभागीय अधिकारियों के साथ बस्तर परिक्षेत्र के अभियंताओं और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों को दिसंबर महीने तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही हर पंद्रह दिनों में कार्य की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। श्री बंसल ने निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले और निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट कर उनके अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए।