बस्ती में स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आए:लखनऊ के मेदांता अस्पताल में हुई पुष्टि, मरीज स्वस्थ
बस्ती में स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है। दोनों मरीजों की लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में हुई जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि दोनों मरीज उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौट चुके हैं।
शहर के गौरीदत्त धर्मशाला के पास रहने वाले 67 वर्षीय बुजुर्ग को सांस फूलने और तेज बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाद में चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया, जहां जांच के दौरान उनकी रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई। इसी तरह, ओरीजोत निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत खराब होने पर पहले जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें भी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। 20 अगस्त को हुई जांच में उनकी रिपोर्ट भी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिली। इसकी रिपोर्ट शनिवार को सीएमओ कार्यालय को प्राप्त हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मरीजों के परिजनों से संपर्क किया।
परिजनों ने बताया कि दोनों मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और उनकी हालत अब सामान्य है। परिवार के अन्य सदस्यों में भी स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण नहीं मिले हैं। आईडीएसपी के नोडल अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बताया कि दोनों मरीज स्वस्थ हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू की जांच की व्यवस्था कराई जा रही है। दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन भी लगाई जा रही है।
सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वाइन फ्लू का कोई संदिग्ध या पुष्ट मामला सामने आने पर तत्काल सीएमओ कार्यालय को सूचना दें।
📡 स्रोत: NewsData.io