अपराध

बेगूं में 456 किलो डोडाचूरा जब्त, अंधेरे में भागे तस्कर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
बेगूं में 456 किलो डोडाचूरा जब्त, अंधेरे में भागे तस्कर

चित्तौड़गढ़ में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बेगूं पुलिस ने एनएच-27 पर नाकाबंदी के दौरान 456 किलो 30 ग्राम डोडाचूरा से भरी सफारी कार जब्त की। पुलिस को देख तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

चित्तौड़गढ़, 7 सितम्बर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत बेगूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनएच-27 पर सूरतपुरा सरहद में नाकाबंदी के दौरान अवैध अफीम डोडाचूरा से भरी टाटा सफारी कार जब्त की। कार से कुल 456 किलो 30 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत और वृत्ताधिकारी अंकित कुड़ी के सुपरविजन में पुलिस टीम गठित की गई थी।

5 सितंबर की रात बेगूं पुलिस टीम एनएच-27 पर सूरतपुरा सीमा में संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार टाटा सफारी कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर वाहन भगाने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने कार का पीछा किया तो तस्कर सुनसान रास्ते पर सफारी कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने लावारिस हालत में मिली कार की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने 456 किलो 30 ग्राम अवैध डोडाचूरा और तस्करी में इस्तेमाल सफारी कार जब्त कर ली है। मामले में बेगूं थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

फरार कार चालक और उसके साथी की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल रमेश की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।