अपराध

भदौरा गांव में घरों तक पहुंचा भालू:फसलों को रौंदा, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग की टीम पहुंची

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भदौरा गांव में घरों तक पहुंचा भालू:फसलों को रौंदा, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग की टीम पहुंची

सीधी जिले के कुसमी आदिवासी अंचल के भदौरा गांव में रविवार दोपहर एक भालू रिहायशी इलाके में घुस गया। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। भालू ने खेतों में लगी फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम के देर से पहुंचने पर नाराजगी दिखी। ग्रामीणों ने बताया कि भदौरा गांव में भालू के आने की यह पहली घटना नहीं है। बीते गुरुवार को भी एक भालू रामप्रकाश सिंह के घर में घुस गया था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे जंगल की ओर खदेड़ा था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे भालू फिर से रिहायशी इलाके में पहुंचा। वह खेतों और आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहा और फसलों को नुकसान पहुंचाया। भालू के गांव में होने की खबर फैलते ही ग्रामीण घरों में दुबक गए। पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। गांव के निवासी राहुल बैस ने बताया कि भदौरा क्षेत्र में भालू का आतंक आए दिन देखने को मिलता है। भालू अक्सर खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाता है और कई बार घरों में भी तोड़फोड़ कर चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार घटनाओं के बावजूद प्रशासन और वन विभाग सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं कर रहा है। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में वन विभाग के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि भालू के गांव में आने की सूचना मिली है। तत्काल वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर स्थिति की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि भालू को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जाएगा। डीएफओ ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और भालू के करीब न जाने की अपील की है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।