भाजपा की दो दिवसीय बैठकों में आगामी रणनीति और कार्ययोजना पर चर्चा: किरण देव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पार्टी की दो दिवसीय बैठकों के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान सभी को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। संगठन की दृष्टि से ये बैठकें बेहद महत्वपूर्ण रहीं, जिनमें पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने विभिन्न सत्रों में लगभग 12 श्रेणियों की बैठकें लीं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस के पास काफी समय है, लेकिन वह कोई रचनात्मक कार्य करने के बजाय भ्रामक प्रचार करने वाली एजेंसी की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की बैठकों में हो रही चर्चाओं को लेकर कांग्रेस भ्रम फैलाने के उद्देश्य से काल्पनिक कहानियां गढ़ रही है, जिनका सच्चाई से कोई संबंध नहीं है।
किरण सिंह देव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के संदर्भ में की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की भाषा राजनीतिक गरिमा के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में दूसरों का अपमान करना प्राथमिकता बन गया है। उन्होंने कहा कि इस बयान से देश के लोगों में व्यथा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बैठक के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की भी समीक्षा की गई। अभियान के आगामी कार्यक्रमों पर बिंदुवार चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यों को जन-जन तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना पार्टी का प्रमुख लक्ष्य है।