भाजपा मंडल अध्यक्ष पर पत्नी को ले जाने का आरोप, बोले- रिश्ते में भांजी लगती है; महिला ने पति पर लगाए मारपीट के आरोप, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →शिवपुरी। शिवपुरी के खोड़ क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भाजपा मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी पर लगाया है। युवक ने इस संबंध में एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी। शिकायत के बाद सहदेव लोधी भी संबंधित महिला अवस्था लोधी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपों को नकारते हुए अपना पक्ष रखा।
ग्राम करही दरगंवा निवासी रामकृष्ण लोधी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अवस्था लोधी को भाजपा मंडल अध्यक्ष सहदेव लोधी 16 सितंबर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। रामकृष्ण का यह भी आरोप है कि 18 सितंबर को सहदेव उसकी पत्नी और बच्ची के साथ करीब 10-12 लोगों को लेकर उसके घर पहुंचे और विवाद के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी।
सहदेव लोधी ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि अवस्था लोधी रिश्ते में उनकी भांजी लगती है। उनके अनुसार अवस्था का अपने पति रामकृष्ण के साथ विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि रामकृष्ण महिला के साथ मारपीट करता था और उससे पैसों की मांग करता था, जिसके चलते वह घर से चली गई थी। सहदेव ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने महिला को उनके खिलाफ शिकायत करने के लिए भड़काया।
वहीं अवस्था लोधी ने अपने पति रामकृष्ण पर मारपीट करने और दहेज की मांग करने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति के व्यवहार से परेशान होकर वह स्वयं घर से गई थी।
मामले में भौंती थाना पुलिस ने अवस्था लोधी की शिकायत पर उसके पति रामकृष्ण लोधी के खिलाफ दहेज की मांग से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच कर रही है।