राजनीति

भाजपा नेता सूरत नेगी ने की नड्डा व भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व से मुलाकात

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 02, किन्नौर (हिमाचल प्रदेश): दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान पूर्व उपाध्यक्ष, वन निगम हिमाचल प्रदेश सूरत नेगी ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, सुनील बंसल तथा महेंद्र पांडेय सहित पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात की।

इन मुलाकातों के दौरान जिला किन्नौर की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों तथा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विकासात्मक एवं जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूरत नेगी ने राष्ट्रीय नेतृत्व को किन्नौर की जमीनी राजनीतिक स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े प्रमुख विषयों से अवगत करवाया।

उन्होंने कहा कि किन्नौर जैसे सीमावर्ती एवं जनजातीय जिले के विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता सहित विभिन्न स्थानीय विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इसके साथ ही किन्नौर में भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद तथा जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने जैसे संगठनात्मक विषयों पर भी वरिष्ठ नेतृत्व के साथ चर्चा हुई। सूरत नेगी ने कहा कि किन्नौर की जनता के हित और क्षेत्र का समग्र विकास हमारी प्राथमिकता है।

किन्नौर से जुड़े राजनीतिक, संगठनात्मक एवं विकासात्मक विषयों को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखा गया है। आने वाले समय में भी किन्नौर की आवाज और जनहित के मुद्दों को हर उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।