राजनीति

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना

29 सितम्बर, टोंक। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बुधवार को टोंक पहुंचे। भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राठौड़ ने पंचायत चुनाव समेत राजस्थान की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बयान दिए और कांग्रेस पर निशाना साधा। पंचायत चुनाव को लेकर मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। गांवों को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूरी टीम सेवा भाव से चुनाव लड़ती है और जीत हासिल करती है।

सचिन पायलट के मुद्दे पर राठौड़ ने अशोक गहलोत के पुराने बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि गहलोत द्वारा पायलट के लिए इस्तेमाल किए गए ‘निकम्मा’ जैसे शब्दों की चुभन सचिन पायलट कभी नहीं भूल सकते। राठौड़ के मुताबिक, ऐसे बयानों के बाद दोनों नेताओं का एक होना मुश्किल है। उन्होंने दावा किया कि जब गहलोत और पायलट आमने-सामने होते हैं तो दोनों एक-दूसरे से आंखें तक नहीं मिलाते।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी राठौड़ ने हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के अंदर चल रही खींचतान के लिए डोटासरा को जिम्मेदार बताते हुए तंज कसा कि “कांग्रेस में डोटासरा बिना फुटबॉल के फुटबॉल खेल रहे हैं।” नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को लेकर भी राठौड़ ने कहा कि जूली अलग से ‘मुंगेरीलाल के सपने’ देख रहे हैं। हनुमान बेनीवाल द्वारा सचिन पायलट को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा और शब्दों का चयन सही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी में भाषा की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

राठौड़ ने कांग्रेस पर चुनाव परिणामों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है, वहां चुनाव प्रक्रिया को सही बताती है, जबकि हारने पर सवाल उठाने लगती है। वहीं भाजपा में किसी तरह के बिखराव से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। जिन क्षेत्रों में भाजपा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है, वहां पार्टी सुधार के लिए काम करेगी। राजस्थान में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की कोई जगह नहीं है। नरेश मीणा के चुनाव लड़ने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्र हैं और चुनाव लड़ने का फैसला उनका अपना है।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।