भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को मजबूती देगा 'टाइगर ट्रायम्फ'
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
03 नवंबर, नई दिल्ली : भारत और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'टाइगर ट्रायम्फ 2026' का 5वां संस्करण शुरू हो गया है। इसका उद्घाटन समारोह 2 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम स्थित मैरीटाइम वारफेयर सेंटर (एमडब्ल्यूसी) में आयोजित किया गया। यह अभ्यास मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियानों पर केंद्रित है।इस बार यह अभ्यास चर्चा आधारित 'टेबलटॉप एक्सरसाइज' (टीटीएक्स) के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य बड़े स्तर पर मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों के दौरान भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, संयुक्त योजना और समन्वय को मजबूत करना है।उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल विशाल बिश्नोई और अमेरिकी प्रशांत बेड़े के वाइस कमांडर रियर एडमिरल जोकिन जे.
मार्टिनेज डी पिनिलोस ने की।यह अभ्यास भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग और रणनीतिक समुद्री हितों में बढ़ती निकटता को दर्शाता है। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल और संयुक्त बहु-क्षेत्रीय अभियानों को बेहतर बनाना है। इसमें बड़े स्तर पर मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों की योजना बनाने और उनके संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।इस अभ्यास में भारत की ओर से भारतीय नौसेना के समुद्री अभियानों से जुड़े विशेषज्ञ, थल सेना और वायु सेना की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि और तीनों सेनाओं के विशेष बलों के जवान हिस्सा ले रहे हैं।
खास बात यह है कि 'टाइगर ट्रायम्फ' के पांचवें संस्करण में पहली बार राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) का एक दल भी शामिल होगा।वहीं, अमेरिका की ओर से वायु सेना, थल सेना, मरीन कोर और नौसेना के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा अंतरिक्ष, साइबर सुरक्षा, चिकित्सा और बम निरोधक विशेषज्ञ भी इस संयुक्त अभ्यास में शामिल हैं।
(Source: रक्षा मंत्रालय)