देश

भारत और चिली के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते हुए

लेखक: AIR Delhi अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारत और चिली के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते हुए

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने चिली के सैंटियागो में अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संबंध उप मंत्री पाला एस्टेवेज़ वेन्स्टीन के साथ बैठक की। यह बैठक भारत - चिली के व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते - सीईपीए पर वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित की गई थी।

बुधवार को हुई इस बैठक में दोनों पक्षों ने भारत-चिली के मजबूत और बढ़ते संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सीईपीए के अंतर्गत साझा उद्देश्यों और आकांक्षाओं को दोनों पक्षों के व्यवसायों के लिए ठोस और व्यावसायिक रूप से सार्थक अवसरों में परिवर्तित करने पर बल दिया।

इस अवसर पर वाणिज्य सचिव ने स्वास्थ्य सेवा, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाओं का उल्लेख किया। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि भारत ने भारत-चिली आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने में खुलेपन, निरंतर जुड़ाव और संतुलित दृष्टिकोण के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराई।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत इस वर्ष के भीतर सीईपीए वार्ता को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी ढांचा तैयार करना है जो न्यायसंगत और व्यावसायिक रूप से सार्थक परिणाम प्रदान करे। मंत्रालय ने कहा कि सीईपीए से व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

इससे प्रौद्योगिकी, प्रतिभा और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारत और चिली के बीच दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।

A
AIR Delhi

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।