भारत दौरे पर बेल्जियम के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 03, नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डि वेवर आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-बेल्जियम संबंधों के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री तीन दिवसीय भारत दौरे पर कल रात नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकन भी भारत आए हैं। पिछले वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद डि वेवर की यह पहली भारत यात्रा है।
प्रधानमंत्री डि वेवर नई दिल्ली में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री यानी CII के एक व्यापार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में अपना मुख्य वक्तव्य देंगे।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री मुंबई का भी दौरा करेंगे, जहां वे हीरा उद्योग, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे।
उनकी इस यात्रा के दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, संपर्क और जन-जन के बीच संबंधों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री डि वेवर की भारत यात्रा से भारत-बेल्जियम संबंधों को नई गति मिलेगी और भारत-यूरोपीय संघ तथा व्यापक भारत-यूरोप साझेदारी को भी और मजबूती मिलेगी। फ़ाइल फ़ोटो