व्यापार

भारत का लक्ष्य वर्ष 2040 तक रसायन क्षेत्र का एक ट्रिलियन डॉलर का बाजार विकसित करना: केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारत का लक्ष्य वर्ष 2040 तक रसायन क्षेत्र का एक ट्रिलियन डॉलर का बाजार विकसित करना: केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा

रसायन और उर्वरक मंत्री जे. पी. नड्डा ने कहा है कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2040 तक रसायन क्षेत्र का एक ट्रिलियन डॉलर का बाजार विकसित करना है। श्री नड्डा ने आज मुंबई के बॉम्बे एक्जिबिशन सेंटर में इंडिया केम 2026 के 14वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए कहा कि देश में रसायन और पेट्रोरसायन क्षेत्र के विकास के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीतियों, सरकार के सहयोग और उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी से इस क्षेत्र में निवेश और विकास के नए अवसर खुल रहे हैं।

श्री नड्डा ने बताया कि सरकार की प्रस्तावित ‘भव्य रसायन’ योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार प्रत्येक केमिकल पार्क के लिए एक हजार करोड़ रुपये देगी, जबकि संबंधित राज्य को कम से कम पांच सौ करोड़ रुपये का योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि इन पार्कों के चयन और सफलता के लिए बंदरगाहों, रेल, हवाई और सड़क संपर्क सहित विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाओं का विकास महत्वपूर्ण होगा।

वहीं, रसायन और उर्वरक राज्‍य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार नीतिग‍त समर्थन और बुनियादी ढांचे के विकास के माध्‍यम से रसायन तथा पेट्रोरसायन क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडण्‍नवीस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्र तथा राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।