खेल

भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर जीता हॉकी गोल्ड, गाजीपुर में राजकुमार पाल के घर जश्न

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर जीता हॉकी गोल्ड, गाजीपुर में राजकुमार पाल के घर जश्न

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर.

एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी फाइनल में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी का लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई भी किया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद गाजीपुर के करमपुर स्थित भारतीय हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल के पैतृक गांव में खुशी का माहौल है।

राजकुमार पाल चोट के कारण फाइनल मुकाबले में नहीं खेल सके, हालांकि वह भारतीय टीम का हिस्सा रहे और इससे पहले टूर्नामेंट में पांच मुकाबले खेल चुके हैं। राजकुमार पाल की मां मनराजी देवी ने कहा कि आज जीवित्पुत्रिका व्रत का दिन था और सुबह उनकी राजकुमार पाल से बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उन्होंने बेटे को आशीर्वाद देते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने की बात कही थी।

मनराजी देवी के मुताबिक, उन्होंने आज पूजा-पाठ किया और भारत की जीत के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि आज उनकी पूजा और तपस्या सफल हुई और भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बेटा चोट के कारण आज मैदान पर नहीं उतर सका, लेकिन वह भारतीय टीम का हिस्सा है और टीम की जीत पर उन्हें बेहद खुशी है।

राजकुमार पाल की भाभी नीलम पाल ने भी भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताई और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने बताया कि सुबह राजकुमार पाल से बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने अच्छे से मैच खेलने और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने की बात कही थी। नीलम पाल ने कहा कि राजकुमार चोट के कारण फाइनल नहीं खेल सके, लेकिन इससे पहले उन्होंने टीम के लिए कई मुकाबलों में खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है।

परिवार का कहना है कि राजकुमार के मैदान पर नहीं उतर पाने का दुख जरूर है, लेकिन भारतीय टीम के स्वर्ण पदक जीतने की खुशी उससे कहीं बड़ी है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।