व्यापार

भारत-US Trade Deal पर तुरंत फैसले के आसार नहीं, Jamieson Greer ने बताई स्थिति

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारत-US Trade Deal पर तुरंत फैसले के आसार नहीं, Jamieson Greer ने बताई स्थिति

(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, दो अक्टूबर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर ने कहा है कि भारत के साथ व्यापार समझौते पर तुरंत किसी फैसले के आसार नहीं है, हालांकि दोनों पक्षों ने उन पेचीदा मुद्दों या बाधाओं की पहचान कर ली है जिन्हें सुलझाया जाना बाकी है। मिलवॉकी में बृहस्पतिवार को जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ग्रीर ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा के लिए ‘‘बहुत जल्द’’ एक बार फिर फोन पर बातचीत कर सकते हैं।

ग्रीर ने बुधवार शाम जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक से इतर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी और आपसी हित वाले अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने पर ‘‘सार्थक चर्चा’’ की थी। ग्रीर ने कहा, ‘‘मंत्री गोयल और मेरे बीच सार्थक बातचीत हुई है। चूंकि हमारी टीम इस समय यहीं देश में मौजूद हैं, इसलिए उनके बीच बैठकों का दौर जारी है।’’ अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘हम भारत के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

अगर व्यावहारिक तौर पर कहूं तो हम इसके अंतिम चरण में हैं और मुझे लगता है कि हम इसके काफी करीब पहुंच चुके हैं।’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच बुधवार को बेहद सकारात्मक बातचीत हुई थी। ग्रीर ने कहा, ‘‘इसके साथ ही, मुझे नहीं लगता कि तुरंत कोई फैसला होने वाला है, लेकिन हमने उन सभी मुद्दों की पहचान कर ली है जिन पर पेच फंसा हुआ है।

हम उन्हें सुलझाने के लिए काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर प्रगति और मौजूदा स्थिति का आकलन करने के लिए बहुत जल्द एक और दौर की वार्ता कर सकते हैं।’’ मोदी और ट्रंप ने बुधवार को व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की थी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।