भारत के विदेशी मुद्रा भंडार ने बनाया नया रिकॉर्ड

अगस्त 28, नई दिल्ली: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 21 अगस्त को खत्म सप्ताह में 12.42 अरब डॉलर से अधिक बढ़कर 729.32 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। भारतीय रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इससे पिछले सप्ताह भी विदेशी मुद्रा भंडार में करीब 9.91 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी।
इससे पहले विदेशी मुद्रा भंडार का रिकॉर्ड 728.49 अरब डॉलर था, जो इसी साल फरवरी में दर्ज किया गया था। आरबीआई के अनुसार, ताजा बढ़ोतरी में विदेशी मुद्रा एसेट्स और सोने के भंडार की अहम भूमिका रही। सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा एसेट्स करीब 9.48 अरब डॉलर बढ़कर 591.33 अरब डॉलर हो गए।
वहीं, सोने के भंडार का मूल्य 2.80 अरब डॉलर बढ़कर 114.22 अरब डॉलर पहुंच गया। भारत के विशेष आहरण अधिकार यानी एसडीआर में भी सप्ताह के दौरान बढ़ोतरी दर्ज की गई। आरबीआई के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ में भारत की रिजर्व स्थिति भी बढ़कर करीब 4.93 अरब डॉलर हो गई। (कैप्शन- फाइल फोटो)