भारतीय कैप्टन ने दिखाई बहादुरी, फ्लाईदुबई विमान को तबूक में सुरक्षित उतरा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 01, नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में 30 सितंबर को कॉकपिट के अंदर गंभीर घटना सामने आई। इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। फ्लाईदुबई ने कॉकपिट में हुई घटना की पुष्टि की है, हालांकि घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच जारी है।
रिपोर्टों के मुताबिक, हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने अंदर पहुंचकर कथित हमलावर को काबू किया। इसके बाद विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने हमलावर का प्रतिरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर पर काबू पाने का मौका मिला।
भारतीय दूतावास के मुताबिक, कैप्टन स्मित मच्छार की हालत स्थिर है और उनका सऊदी अरब के तबूक स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। दूतावास उनके परिवार के संपर्क में है और सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहा है।
घटना के बाद फ्लाईदुबई ने इजराइल से आने-जाने वाली उड़ानों को फिलहाल निलंबित कर दिया है। वहीं, घटना के कारण और कथित हमलावर के मकसद की जांच जारी है। एयरलाइन ने मामले में समयपूर्व अटकलों से बचने की अपील की है।
फ़ाइल फ़ोटो