राजनीति

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का जनता की विभिन्न मांगों को लेकर 1 दिसंबर को जेल भरो आंदोलन

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का जनता की विभिन्न मांगों को लेकर 1 दिसंबर को जेल भरो आंदोलन

भोपाल, 7 अक्टूबर 2026। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा जनता से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 1 दिसंबर को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। यह निर्णय भोपाल में आयोजित भाकपा की राज्य परिषद की बैठक में लिया गया।

भाकपा के मध्य प्रदेश राज्य सचिव कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी ने देशभर में 1 से 3 दिसंबर तक जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया है। इसी के तहत मध्य प्रदेश में 1 दिसंबर को जेल भरो आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राज्य परिषद की बैठक में पार्टी संगठन को वैचारिक और सांगठनिक रूप से अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी कई निर्णय लिए गए। आगामी महीनों में प्रदेश के कुछ जिलों में पार्टी क्लास आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जन संगठनों को सांगठनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।

शैलेन्द्र शैली ने बताया कि आगामी 7 नवंबर को सोवियत क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर भाकपा द्वारा देशव्यापी समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता आंदोलन तथा दुनिया के विभिन्न स्वतंत्रता आंदोलनों और जन संघर्षों में कम्युनिस्टों के योगदान को रेखांकित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ज्योतिबा फुले की द्विशताब्दी और कॉमरेड महेंद्र वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर भी प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने एक राजनीतिक दल के रूप में भारत में फासीवाद के संकट को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि इस संकट के खिलाफ प्रतिरोध को मजबूत करने और इसके विरोध में देश की जनता को लामबंद करने के लिए पार्टी संकल्पित है।

शैलेन्द्र शैली ने बताया कि 1 दिसंबर के जेल भरो आंदोलन को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां की जाएंगी और आंदोलन को लेकर कार्यकर्ताओं एवं जन संगठनों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।