भारतीय नौसेना के लिए होगी 8 नेक्स्ट जेनरेशन कोरवेट की खरीद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
02 नवंबर, नई दिल्ली: रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए आठ नेक्स्ट जेनरेशन कोरवेट की खरीद के लिए 53 हजार 866 करोड़ रुपये से अधिक के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हुए इन अनुबंधों के तहत गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड पांच और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड तीन युद्धपोतों का निर्माण करेगी।
ये अत्याधुनिक युद्धपोत उन्नत मिसाइलों, हथियारों और सेंसर प्रणालियों से लैस होंगे, जो समुद्र, सतह और जलमग्न क्षेत्रों में नौसेना की परिचालन क्षमता को मजबूत करेंगे। परियोजना से समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और तटीय निगरानी को भी मजबूती मिलेगी। पूरी तरह स्वदेशी डिजाइन और निर्माण की यह परियोजना मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति देगी।
साथ ही, अगले दस वर्षों में शिपयार्ड और सहायक उद्योगों में करोड़ों मानव-दिवस के रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
फोटो कैप्शन- रक्षा मंत्रालय ने 53,866.50 करोड़ रुपये के अनुबंध पर किए हस्ताक्षर (@SpokespersonMoD)